लखनऊ में कोरोना की तबाही : बीजेपी विधायक सुरेश श्रीवास्तव के बाद पत्नी का भी निधन

यूपी की राजधानी लखनऊ पश्चिम सीट से भाजपा विधायक रहे सुरेश श्रीवास्तव के अंतिम संस्कार के एक दिन बाद आज उनकी पत्नी मालती श्रीवास्तव का भी कोरोना से निधन हो गया। गोमतीनगर के सेंट जोसेफ़ हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। सुरेश श्रीवास्तव, उनकी पत्नी मालती श्रीवास्तव व दोनों के पुत्र सौरभ कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसमें पति-पत्नी का निधन हो गया। पुत्र सौरभ की हालत भी गंभीर है। उसका इलाज चल रहा है।

शनिवार को ही सुरेश श्रीवास्तव का बैकुंठधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। अंतिम संस्कार में बड़े बेटे शैलेश, बेटी मृणालिनी, बहु डॉक्टर स्वाति, पार्षद अनुराग मिश्रा, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संकेत मिश्रा शामिल हुए थे। सुरेश श्रीवास्तव का शुक्रवार को निधन हो गया था। उनका इलाज लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा था। उनकी कार का ड्राईवर भी कोरोना संक्रमित था और उसका कुछ दिन पहले निधन हो चुका है। मालती श्रीवास्तव महिला कॉलेज में शिक्षिका थीं। 

आपको बता दें कि दो दिन पहले यूपी में लखनऊ भाजपा विधायक सुरेश श्रीवास्तव के अलावा औरैया से भाजपा विधायक रमेश दिवाकर की भी मौत हो चुकी है। शुक्रवार की देर शाम राजधानी लखनऊ में पश्चिम क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव का कोरोना से निधन की खबर से कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। सुरेश चंद्र श्रीवास्तव संक्रमण की चपेट में आने के बाद से अस्पताल में भर्ती थे। बताया जा रहा है कि सात दिन से वह वेंटिलेटर पर थे। इसी दिन औरेया से भाजपा विधायक रमेश दिवाकर (56) का मेरठ मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में निधन हो गया था। परिजन उनके शव को औरेया ले गए थे। औरेया में मोहल्ला तिलकनगर निवासी रमेश दिवाकर सदर सीट से भाजपा विधायक थे। पिछले दिनों दिक्कत महसूस होने पर उन्होंने परिवार सहित कोरोना जांच कराई थी। 17 अप्रैल को आई रिपोर्ट में रमेश दिवाकर, उनकी पत्नी और पुत्र कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद तीनों उपचार के लिए चिचौली स्थित जिला अस्पताल में भर्ती हुए। हालत बिगड़ने पर बुधवार को उन्हें कानपुर और फिर मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। मेरठ में उपचार के दौरान विधायक की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे उनकी मौत हो गई।

सीएम ने दिवंगत विधायक की पत्नी के निधन पर शोक जताया
मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ  ने कहा है कि दिवंगत विधायक सुरेश कुमांर श्रीवास्तव  की पत्नी  मालती श्रीवास्तव के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने भी श्रीमती मालती श्रीवास्तव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। स्वतंत्र देव सिंह ने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाए व्यक्त की है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com