बलिया:गैंगरेप के बाद युवती को मारी गोली

गैंगरेप के बाद युवती को मारी गोली

बलिया : गैंगरेप के बाद बदमाशों ने युवती को गोली मार दी। घायल लड़की पूरी रात झाड़ी में छिपी रही। सुबह होने पर वह किसी प्रकार नदी तट पर पहुंची, जहां से नाव के रास्ते मल्लाहों ने नदी पार कराने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। पीड़िता का इलाज करने के बाद जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। बलिया पुलिस ने घटना को बिहार की सीमा में होने का दावा किया है।

बक्सर  के डुमरांव थाना क्षेत्र की रहने वाली 18 वर्षीय युवती की उसी इलाके के एक युवक से शादी तय थी। शुक्रवार की शाम लड़की का एक रिश्तेदार  उसके घर पहुंचा। उसने युवती से बताया कि जिससे उसकी शादी तय है उसका एक्सीडेंट हो गया है। बहाना बनाकर रिश्तेदार युवती को साथ लेकर बाइक से निकला तथा रास्ते में दो युवकों के पास छोड़ दिया। दोनों युवक लड़की को लेकर चल पड़े। रास्ते में दो अन्य युवक भी उनके साथ हो लिये। पीड़िता के अनुसार रात होने के चलते सभी एक सूनसान जगह पर लेकर पहुंचे तथा वहां दुष्कर्म करने के बाद गोली मार दी। घटना के बाद चारों फरार हो गये।

दाहिने बांह में गोली लगने से घायल युवती पूरी रात मूंज के झुरुमुटों में छिपी रही। सुबह होने पर वह नदी किनारे पहुंची तथा नाव पर सवार हो गयी। उसने मल्लाहों से आपबीती सुनायी। नाविकों ने डॉयल 100 पर फोन कर पुलिस को वारदात की जानकारी दी। नाव से इस पार पहुंची युवती को पुलिस साथ लेकर जिला अस्पताल पहुंच गयी।

जानकारी होने के बाद एसपी सुजाता सिंह व एएसपी विजय पाल सिंह सिंह सदर अस्पताल पहुंच गये। पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता से पूछताछ के बाद बक्सर के एसपी को पूरे मामले से अवगत करा दिया। कुछ देर बाद बक्सर के डुमरांव थानाध्यक्ष भी पहुंच गये। जिले की पुलिस का कहना था कि घटनास्थल बिहार की सीमा की है, लिहाजा इसकी जांच बक्सर पुलिस करेगी। हालांकि बक्सर पुलिस का कहना था कि घटनास्थल स्पष्ट नहीं होने से मामला अभी पेंचीदा बना हुआ है। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने इलाज के बाद पीड़िता को वाराणसी रेफर कर दिया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com