Bihar Weather Update: कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में बिहार, पारा पांच डिग्री तक लुढ़का पारा

बिहार में फिर कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। पटना सहित राज्य के अधिकतर जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। सड़क यातायात से लेकर हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। शनिवार को धूप नहीं निकली। अधिकतम तापमान पांच डिग्री तक लुढ़क गया। इस सीजन में शनिवार को पटना दूसरी बार सबसे ज्यादा ठंडा रहा।

पूर्णिया में पारा सामान्य से नौ डिग्री तक नीचे आ गया है। शनिवार को भी  यही स्थिति रही तो सूबे के कई शहरों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया जा सकता है। कनकनी से पशु-पक्षी से लेकर आम लोग तक बेहाल हैं। पटना में दिन भर धुंध की स्थिति बनी रही। हालांकि राज्य के दक्षिणी और उत्तरी भाग में दोपहर बाद कुछ देर के लिए धूप खिली। मौसमविदों के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने के आसार हैं।

दृश्यता का बुरा हाल, साढ़े नौ बजे मात्र 50 मीटर की विजिबिलिटी
कोहरे की वजह से पटना में दोपहर डेढ़ बजे मात्र 1000 मीटर की विजिबिलिटी रही। जबकि सुबह साढ़े नौ बजे तक मात्र 50 मीटर विजिबिलिटी थी। दोपहर 12 बजे मात्र 800 मीटर की विजिबिलिटी रही। कमोबेश सूबे में दृश्यता का यही हाल रहा। दिन में भी वाहनों को लाइट जलानी पड़ी। पटना एयरपोर्ट पर दो दर्जन विमान लेट हैं। शनिवार शाम तक चार विमानों को रद्द किया जा चुका था। विमान सेवाएं अगले दो दिन तक प्रभावित होने के आसार हैं।

घने कोहरे की वजह
पूर्वानुमान के मुताबिक ताजा पश्चिमी विक्षोभ ने हिमालय क्षेत्र में दस्तक दे दी है। इससे मौसम की स्थिति पर असर पड़ा है। मौसमविदों का कहना है कि सूबे में उत्तर-पश्चिमी दिशा से ठंडी हवा आ रही है। बांग्लादेश के आसपास चक्रवात की स्थिति बनने से उस क्षेत्र से झारखंड के रास्ते गर्म हवा आ रही है। इन्हीं दोतरफा हवाओं के मिलने से घने कोहरे की स्थिति बनी है।

पटना में चार डिग्री लुढका पारा
पटना का पारा पिछले 24 घंटे में चार डिग्री तक नीचे आया है। अभी अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे है। अगर यही स्थिति रविवार को रहे तो शीत दिवस की घोषणा हो सकती है। गया के अधिकतम तापमान में 24 घंटों में एक डिग्री की कमी आई है। भागलपुर में दो डिग्री जबकि पूर्णिया में साढ़े तीन डिग्री तक पारा नीचे आया है।सूबे में सबसे अधिकतम तापमान डेहरी में 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि गया में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रमुख खबरों के तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 16.2  10.8 
गया 19.9 05.4 
भागलपुर 17.3  11.1 
पूर्णिया 16.6  11.9

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com