Bihar Weather Update: बिहार में अभी से सता रही गर्मी, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम का हाल

बिहार में मौसम की स्थिति लगातार गर्म बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले एक पखवारे तक विभिन्न शहरों का पारा 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इसी तरह न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहने के आसर हैं। अभी राज्य के अधिकतर शहरों का अधिकतम तापमान 32 से 34 के बीच है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 20 के बीच। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच चार से पांच डिग्री का फर्क रहने की वजह से इतनी गर्मी महसूस हो रही है। सोमवार को भी राज्य के अधिकतर शहरों का तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री तक अधिक रहा। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक विवेक सिन्हा ने कहा है कि पारे में फिलहाल इससे ज्यादा वृद्धि के आसार नहीं हैं। 
 
18 किमी की रफ्तार से चली पछुआ 
लगातार पांचवे दिन सूरज के तेवर थोड़े तल्ख रहे। कई जगहों पर 18 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से पछुआ बहती रही। ग्रामीण व कई शहरी इलाकों में दोपहर में धूल भरी आंधी से लोग परेशान रहे। पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर में लोगों ने गर्मी झेली। रात में भी न्यूनतम तापमान के सामान्य से काफी ऊपर रहने से लोग परेशान रहे। 

33 से 38 प्रतिशत तक आर्द्रता
सूबे में शुष्क हवाओं का प्रवाह जारी है जिससे नमी की मात्रा लगातार कम हो रही है। पटना में सोमवार की शाम आर्द्रता 38 प्रतिशत रही, जबकि गया में यह 33 प्रतिशत। गया में अधिकतम तापमान में पिछले चौबीस घंटे में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसमविदों का कहना है कि आने वाले दिनों में आंधी-तूफान की स्थिति आने पर उच्च ताप से राहत मिलने के आसार है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री तक ऊपर रहेगा।

भागलपुर और रोहतास सबसे गर्म शहर रहे
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने फरवरी महीने का राज्यभर का औसत तापमान निकाला है। केंद्र के आंकड़ों के अनुसार राज्य का फरवरी महीने में औसत तापमान 26.9, जबकि न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।  राज्य का औसत तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो पिछले साल के मुकाबले 1.6 डिग्री अधिक है। इसी वजह से इस साल फरवरी में अधिक गर्मी का एहसास हो रहा है। 28 डिग्री औसत तापमान के साथ फरवरी महीने में भागलपुर और रोहतास सूबे के सबसे गर्म शहर रहे।  

ऐसा रहा प्रमुख शहरों का पारा
शहर अधिकतम न्यूनतम
पटना 33.2  18.6
गया 32.6  14.3
भागलपुर 34  19.6
पूर्णिया 32  17.3

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com