Bihar Crime: भोजपुर में चुनावी रंजिश में किसान की गोली मारकर हत्या, मुखिया हिरासत में, ग्रामीणों ने थाने का किया घेराव

बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के सिअरूआ गांव में बुधवार की शाम गोली मार एक किसान की हत्या कर दी गयी। घर के पास बैठे किसान को ताबड़तोड़ दो गोलियां मार दी गयीं। इसमें किसान की मौके पर ही मौत हो गयी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से भाग गये। इस मामले में पुलिस ने मुखिया को हिरासत में ले लिया। मुखिया के हिरासत में लेने की खबर जैसे ही गांव वालों को मिली, सैकड़ों की संख्या में एकजुट होकर थाने को घेर लिया। मृत किसान सिअरूआ गांव निवासी हरिदयाल महतो के 55 वर्षीय पुत्र नारद महतो थे। वह चालक का भी कार्य करते थे। हत्या का आरोप पंचायत के मुखिया सहित तीन लोगों पर लगा है। 

इस मामले में पुलिस मुखिया उमेश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। किसान के परिजन जहां मुखिया पर पूर्व के पंचायत चुनाव के विवाद में हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस जमीन विवाद में हत्या की बात कह रही है। इधर, किसान की सरेशाम हत्या से गांव में सनसनी मच गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी और तफ्तीश शुरू कर दी। एसडीपीओ श्याम किशोर रंजन भी जगदीशपुर रेफरल अस्पताल पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद पोस्टमार्टम कराने के लिये शव आरा भेज दिया गया। 

एसडीपीओ ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। अब तक की जांच में जमीन के विवाद में हत्या की बात सामने आयी है।  मुखिया को पूछताछ के लिए लाया गया है। हालांकि अभी तक मृत किसान के परिवार वालों की ओर से एफआईआर के लिये आवेदन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि मुखिया और सरपंच जमीन के विवाद में पंचायती कर रहे थे। इधर, मुखिया ने कहा कि पंचायत चुनाव को देखते हुए उनको फंसाने की साजिश की जा रही है। 

भाई ने कहा, पिछले चुनाव से चल रहा था विवाद 
मृत किसान नारद महतो के भाई ने सिअरूआ पंचायत के मुखिया उमेश कुमार सहित गांव के ही तीन अन्य लोगों हत्या का आरोप लगाया है। उनके भाई वशिष्ठ महतो के मुताबिक मुखिया से पिछले पंचायत चुनाव के समय से ही विवाद चला आ रहा था। इसके बाद हुए केस में नारद महतो गवाह थे। भाई  वशिष्ठ महतो ने बताया कि मुखिया की ओर से पहले भी नारद महतो को जान से मारने की धमकी दी गई थी। बुधवार की दोपहर से ही गांव के ही रहने वाले तीन लोग उनके घर का चक्कर लगा रहे थे। मौका मिलते ही घर के दरवाजे पर बैठे नारद महतो के सीने में ताबड़तोड़ गोली मार कर हत्या कर दी। इसके बाद उनको जगदीशपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com