इंदौर में हवलदार और सिपाही पर जानलेवा हमला, बाइक सवार पांच बदमाशों की तलाश

इंदौर: जनता कर्फ्यू में भ्रमण कर रहे दो पुलिसकर्मियों पर बाइक सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। दोनों को सिर और हाथ-पैर में चोट आई है। पुलिस बाइक सवार पांच बदमाशों की तलाश कर रही है। हमला क्यों हुआ यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है। सिपाही को ज्यादा जख्म होने से अरबिंदो अस्पताल में भर्ती किया है।

गांधी नगर थाना टीआइ संतोषसिंह यादव के मुताबिक घटना मंगलवार रात करीब 10.30 बजे ग्राम रिजलाय की है। थाने में पदस्थ हवलदार बालसिंह और सिपाही मनोज की रात्रि में ड्यूटी लगी थी। दोनों पुलिसकर्मी बाइक से इलाके में भ्रमण कर रहे थे। जैसे ही ग्राम रिजलाय पहुंचे। एक बाइक पर आए दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। पुलिसकर्मियों से विवाद किया और हाथापाई शुरू कर दी। तभी अचानक एक बाइक पर तीन युवक आ गए और पुलिसकर्मियों की पिटाई कर दी। टीआइ के मुताबिक आरोपितों ने डंडों से बेरहमी से पिटा और भाग गए। सूचना मिलने पर थाने से बल पहुंचा और पुलिसकर्मियों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। सुबह बालसिंह की छुट्टी कर दी लेकिन मनोज का उपचार जारी है।

हमला करने की वजह भी ढूंढ रहे अफसर

हमले की जानकारी मिलने पर पुलिस अफसरों ने आरोपितों के साथ यह भी तलाशना शुरू कर दिया कि बालसिंह और मनोज के साथ मारपीट की वजह क्या है। पुलिस शराब तस्करी, चोर गिरोह की भूमिका के साथ पुलिसकर्मियों की जानकारी भी जुटा रही है। दोनों पुलिसकर्मी अचानक रिजलाय क्यों गए, यह भी जांच का विषय है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com