Bihar Weather Update: बिहार में कल तक छाए रहेंगे बादल, आंधी-पानी के भी आसार

बिहार में पुरवा हवा के साथ नमी का प्रवाह बढ़ने से सूबे में शुक्रवार और शनिवार को आंधी-पानी के आसार बने हैं। लगातार तापमान के सामान्य से ऊपर रहने की वजह से राज्य भर में गर्मी बढ़ी थी लेकिन अगले दो दिन गर्मी से काफी राहत मिलेगी। राज्य के उत्तर पूर्वी भाग में आंधी-पानी का असर विशेष दिखेगा, जबकि शेष बिहार में भी गरज-तड़क की स्थिति रहेगी। 

कुछ जगहों पर तेज आंधी की स्थिति भी रह सकती है। मौसमविदों की मानें तो बुधवार को राज्य भर में इस सीजन की सबसे ज्यादा गर्मी रही, जब अधिकतर जिलों में पारा 40 डिग्री के पार रहा। लेकिन पिछले 24 घंटों में परिस्थितियों में तेजी से बदलाव आया है। गर्म हवाओं और नमी युक्त पुरवा के मेल से थंडरस्टॉर्म वाले बादल बने हैं। हालांकि, गुरुवार को पटना में तेज धूप रही और दोपहर में धरती तपती रही, लेकिन शाम ढलते ही आसमान में आंशिक बादल देखे गए। गर्म हवाओं के प्रभाव में भी कमी आई है।  

तेजी से गिरा पारा
पिछले 24 घंटों में पटना, भागलपुर, गया और पूर्णिया सहित सभी जिलों में अधिकतम पारा तेजी से नीचे आया है। पटना में दो डिग्री, गया में एक डिग्री, भागलपुर में तीन डिग्री, जबकि पूर्णिया में तीन डिग्री तक गिरावट आई है। कई इलाकों में ठंडी हवाओं का प्रवाह बढ़ने से लोगों को भारी राहत मिली है। मौसमविदों का अनुमान है कि अगले दो दिन स्थिति इसी तरह रहेगी। पारे में बढ़ोतरी के आसार नहीं हैं। पटना सहित सूबे में बादल छाये रहेंगे। आंधी पानी का प्रभाव बढ़ेगा।

ऐसा रहा प्रमुख शहरों का पारा
शहर        अधिकतम    न्यूनतम

पटना        39.6        25.2 
गया        41        21.6 
भागलपुर    37.6        22.6 
पूर्णिया    33        23.6

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com