बिहार में रफ्तार का कहर, स्कॉर्पियो ने ऑटो में मारी जोरदार टक्कर, दूल्हे के भाई समेत दो बाराती की मौत

बिहार के सुपौल जिले के पिपरा-सुपौल एनएच 327 ई पर लिटियाही बड़ी नहर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा रविवार रात लगभग 11 बजे  की है। 

सदर थाना क्षेत्र के बसबिट्टी वार्ड 10 भुराही के कालीचरण मंडल के पुत्र विद्यानंद मंडल की बारात त्रिवेणीगंज के औराहा गांव जा रही थी। सभी बाराती अलग-अलग वाहन में सवार थे। लिटियाही के पास  सामने से आ रही स्कार्पियो ने बारातियों से भरी एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। ऑटो में सवार कालीचरण मंडल (55) और विद्यानंद (दूल्हा) का ममेरा भाई रवेन मंडल (12) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रवेन के पिता जयप्रकाश मंडल, चाचा उपेंद्र मंडल और दादा गुणेश्वर मंडल भी घायल हो गए। इसमें जयशंकर मंडल और उपेन्द्र मंडल की हालत चिंताजनक बनी हुई है। 

हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। बारातियों और अन्य लोगों की मदद से सभी को सदर अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने कालीचरण मंडल और रवेन को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का निजी और सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर, घटना के बाद स्कार्पियो चालक वाहन को पेट्रोल पंप के पास लगा कर फरार हो गए। हादसे के बाद बारात भी वापस लौट गई। दूल्हे और दुल्हन के घर मातम पसरा हुआ है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com