बिहार: बेखौफ अपराधियों ने घर में घुसकर की फायरिंग, पति-पत्नी को लगी गोली

बिहार के मुंगेर जिले के वासुदेवपुर ओपी क्षेत्र के बसगढ़ा मुहल्ले में शुक्रवार सुबह अपराधियों ने घर घुसकर गोलीबारी की, जिसमें उत्तम मिश्रा एवं उसकी पत्नी नेहा कुमारी गोली लगने से घायल हो गए। जबकि हमला करने आए अपराधी टारजन मंडल सहित दो घायल हो गये। घायल पति-पत्नी का जहां मुंगेर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं घायल अपराधी गुप्त रूप से निजी नर्सिंग होम में अपना इलाज करवा रहे हैं। इस घटना को लेकर घायल नेहा कुमारी ने वासुदेवपुर ओपी में 7 लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत की है। 

शुक्रवार की सुबह उसकी दादी ने घर का दरवाजा जैसे ही खोला तो सात-आठ की संख्या में अपराधी उसके घर घुस आए। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी बीच गोलीबारी शुरू हो गयी और लगभग 14 से 16 चक्र गोलियां चलीं। जिसमें उत्तम मिश्रा के बायें हाथ की अंगुली जख्मी हो गयी। जबकि उसकी पत्नी नेहा कुमारी के बायें हाथ की तलहटी में दो गोलियां लगीं। इस गोलीबारी में दो अपराधियों के घायल होने की सूचना है। 

बताया जाता है कि गोलीबारी की आवाज पर स्थानीय लोग जब जुटने लगे, तो सभी अपराधी फरार हो गये। इसके बाद घायल पति-पत्नी को सदर अस्पताल इलाज के लिए लाया गया। घायल उत्तम मिश्रा ने बताया कि अगस्त 2020 रक्षा बंधन के दिन चौखंडी निवासी सोनू मंडल की हत्या बाल्मिकी यादव ने कर लाश को गंगा में फेंक दिया था, जिसमें प्राथमिकी दर्ज हुई है। इस कांड को मैनेज नहीं कराने पर मेरे घर में घुसकर गोलीबारी की गई।

वासुदेवपुर ओपी प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि गोलीबारी में पति-पत्नी घायल हुई है। नेहा कुमारी के बयान पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस छानबीन कर रही है। वहीं दूसरे पक्ष के घायल लोगों के बारे में न तो मुझे जानकारी है और ही किसी ने आवेदन दिया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com