बाल सुधार गृह के शौचालय की खिड़की तोड़कर फरार हुआ बंदी, रिमांड होम सुरक्षा की खुली पोल

शहर के धनुपरा स्थित बाल सुधार गृह से एक बंदी फरार हो गया। गुरुवार की रात शौचालय का रोशनदान तोड़ वह भाग निकला। फरार बाल बंदी बक्सर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। शुक्रवार की सुबह बंदी के भागने की सूचना से रिमांड होम प्रशासन सकते में आ गया। काफी खोजबीन के बाद भी बंदी का कोई सुराग नहीं मिला। 

इसे लेकर रिमांड होम प्रशासन द्वारा टाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है। इधर, बाल बंदी के भागने की खबर से रिमांड होम की सुरक्षा की पोल खुल गयी है। हालांकि आरा रिमांड होम से बंदियों के भागने की यह कोई पहली घटना नहीं है। पहले भी कई बार बंदी भाग चुके हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात सभी बंदी खाने के बाद सो गये थे। 

इस दौरान वार्ड तीन में रहने वाला बंदी देर रात को शौचालय का रोशनदान तोड़कर भाग निकला। शुक्रवार की सुबह वार्ड खुलने पर कर्मियों को बंदी भागने की भनक लगी। उससे रिमांड होम के कर्मियों के हाथ-पांव फूलने लगे। आनन-फानन में बंदी की खोज शुरू कर दी गयी, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। 

सोते रह गये गार्ड व कर्मी, रोशनदान तोड़ फरार हो गया बाल बंदी
सुधार गृह में रहने वाले बाल बंदी का भागना रिमांड होम की सुरक्षा में तैनात गार्ड और कर्मियों पर भारी पड़ गया। इधर गार्ड और कर्मी सोते रह गये, उधर बंदी भाग निकला। इससे बाल सुधार गृह की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि रात में बंदी शौचालय जाता है। रोशनदान तोड़ता है और भाग जाता है। लेकिन गार्ड और किसी भी कर्मी को भनक तक नहीं लग पाती है। बता दें कि इससे पहले भी सुधार गृह से बंदी भाग चुके हैं। इतना ही नहीं सुधार गृह में मारपीट और अप्राकृतिक यौनाचार जैसी घटनायें भी हो चुकी हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com