यूपी: कोहरे में फिर से डूबेगा प्रदेश, इन 23 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के माैसम में लगातार बदलाव जारी है। रविवार व सोमवार को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। इस बीच कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलीं। सोमवार को अलीगढ़, आगरा, गाजियाबाद, गोरखपुर में सुबह घने कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं बहराइच, अयोध्या, अमेठी, कुशीनगर, मुजफ्फर नगर, मेरठ में दृश्यता 50 मीटर ने नीचे दर्ज हुई।

माैसम विभाग की ओर से मंगलवार के लिए प्रदेश के बुंदेलखंड के इलाके हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 23 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। इस बीच जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर आदि में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चलेंगी।

आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नए विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी से शुरू हुई बूंदाबांदी का दायरा मंगलवार को बुदेलखंड, विंध्य क्षेत्र, प्रयागराज मंडल तक पहुंचेगा। प्रदेश में यह बदलाव 4 फरवरी तक रहेगा। इसके बाद कोहरा छंटेगा और तापमान में हल्की गिरावट आएगी।

यहां है ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
इटावा, औरेया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर व आसपास के इलाकों में।

घना से बहुत घना कोहरा की संभावना
देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत व आसपास के इलाकों में।

विक्षोभ का असर, लगातार दूसरे दिन प्रदेश में सबसे गर्म रहा लखनऊ
फरवरी की शुरुआत राजधानी में गर्म मौसम के साथ हो रही है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से लखनऊ लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। सोमवार को दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी तेज उछाल देखने को मिला, जिससे ठंड का असर कमजोर पड़ा।

सोमवार सुबह हल्के कोहरे के साथ हुई, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, आसमान साफ होता गया। तेज धूप निकली और हवा में गर्माहट महसूस की गई। दोपहर के समय मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, जिससे लोगों को दिन में गर्मी का अहसास हुआ।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। इसके साथ ही हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि सुबह के समय घना कोहरा भी छा सकता है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि निचले क्षोभमंडल में पंजाब और हरियाणा के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी कारण राजधानी का पारा प्रदेश में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री की बढ़त के साथ 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री की उछाल के साथ 13 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

बीते तीन दिनों के तापमान में उतार चढ़ाव ( डिग्री सेल्सियस में)
विक्षोभ के असर से राजधानी में तीन दिनों में दिन के तापमान में 7.6 डिगी और रात के तापमान में 4.2 डिग्री की उछाल दर्ज की गई है।

पिछले तीन दिनों का अधिकतम तापमान
31 जनवरी- 18.7
1 फरवरी- 24.1
2 फरवरी- 26.3

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube