
टीवी धारावाहिकों से अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता नकुल मेहता अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी चुनिंदा कामों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वह हालिया प्रदर्शित वेब सीरीज स्पेस जेन: चंद्रयान में नजर आए।
शुरुआत में बहुत कुछ सीखना था
करीब दो दशक से अभिनय में सक्रिय नकुल अब स्वयं को उस पड़ाव पर देखते हैं, जहां उनके लिए रोज काम करना जरूरी नहीं है। वह कहते हैं, करियर की शुरुआत में लगातार काम करते रहना जरूरी था, क्योंकि उस समय अनुभव कम होता है तथा आपके अंदर ऊर्जा और उत्सुकता बढ़ चढ़कर रहती है।
उस ऊर्जा का सही प्रयोग करने के लिए काम करना जरूरी होता है। ज्यादा काम करके ही आप अपने से अनुभवी और बेहतर कलाकारों से कुछ सीख पाते हैं। मुझे करियर की शुरुआत में यह मौका मिला।
परिवार और काम के बीच बैलेंस करना है जरूरी
नकुल कहते हैं, मैंने अपने करियर की शुरुआत टीवी धारावाहिक प्यार का दर्द है मीठा मीठा प्यारा प्यारा से की थी। वह शो करीब तीन साल चला, उस दौरान रोज सेट पर जाने और अपनी भूमिका निभाने से बहुत सीख मिली। इसके साथ ही अभिनय में एक सहजता और परिपक्वता भी आई। अब जिंदगी में ऐसा दौर है, जहां मेरा परिवार है, दो बच्चे हैं। अब काम थोड़ा सोच समझकर चुनता हूं। मेरे लिए काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाना बहुत जरूरी है।
वह कहते हैं कि अगर किसी काम के कारण मैं परिवार से दूर जा रहा हूं तो उसकी उतनी अहमियत होनी चाहिए। अब रोज काम नहीं करना है। मैंने जिंदगी में यह थोड़ा विशेषाधिकार भी कमा लिया है। जिंदगी में थोड़ी बहुत आर्थिक स्वतंत्रता है। इसलिए अब मैं चुन सकता हूं कि किन लोगों के साथ जुड़ना या काम करना चाहता हूं।
फेल होने का डर हर किसी के अंदर है
जीवन में फेल होने के डर को लेकर नकुल कहते हैं, फेल होने का डर भला किसे नहीं होता है। अगर इंसान को किसी मामले में फेल होने के डर न हो तो शायद वह उसके लिए इतनी ज्यादा अहमियत नहीं रखती है। मुझे भी फेल होने का डर हमेशा रहता है।
हालांकि, अब इंडस्ट्री में इतने साल बिताने के बाद मैं उस डर को सही दिशा में प्रयोग करना सीख गया हूं। अब मैं फेल होने की संभावनाओं के बारे में सोचने की जगह यह सोचने की कोशिश करता हूं कि अगर मैं उस काम को सच्चाई और ईमानदारी से कर दूं तो बात लोगों तक पहुंच जाएगी। अगर बात लोगों तक पहुंच पाई तो उसे प्यार मिलेगा। वह प्यार सिर्फ मेरे काम के कारण नहीं, बल्कि उस प्रोजेक्ट पर काम करने वाले सभी लोगों के कारण मिलता है।



