
हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम पारा गिरने से रातें और ठंडी हो गईं हैं। प्रदेश में चार स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति के ताबो में -5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान ऊना और पांवटा साहिब में 27 डिग्री सेल्सियस रहा। सुंदरनगर में घना व बिलासपुर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। आज शिमला समेत प्रदेशभर में धूप खिली हुई है।
23 नवंबर तक ऐसा रहेगा माैसम
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पूरे प्रदेश में 23 नवंबर तक माैसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। इस दाैरान बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। वहीं अगले 4 से 5 दिनों तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में भी किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर के मध्य तक हिमाचल में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम रहने के कारण मौसम शुष्क बना हुआ है। ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान गिर जरूर रहा है, लेकिन अभी कड़ाके की ठंड पड़ने जैसी स्थिति नहीं है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 10.2, सुंदरनगर 5.0, भुंतर 3.9, कल्पा 4.4, धर्मशाला 8.6, ऊना 7.5, नाहन 9.5, केलांग -1.0, पालमपुर 5.2, सोलन 4.0, मनाली 3.7, कांगड़ा 8.0, मंडी 6.8, बिलासपुर 8.5, हमीरपुर 6.5, कुफरी 9.9, कुकुमसेरी -4.9, नारकंडा 7.1, भरमाैर 9.2, रिकांगपिओ 7.2, सेऊबाग 1.5, बरठीं 7.9, समदो -0.2, कसाैली 11.1, सराहन 5.5, देहरा गोपीपुर 9.0, ताबो -5.0 व बजाैरा में 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।



