बिलासपुर में भारी बारिश, मलबे में फंसीं बसें, राज्य में 566 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश लगातार जारी है। राज्य में जगह-जगह भूस्खलन से सैकड़ों सड़कें बंद हैं। बिलासपुर जिले में भारी बारिश दर्ज की गई। पूरी रात बारिश के बाद बिलासपुर शहर में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। शहर की सिनेमा कॉलोनी, मेन मार्केट की सड़कें नालों में तब्दील हो गईं। चेतना चौक, चंपा पार्क और बस अड्डा के आसपास दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भी काफी नुकसान हुआ है। जिले में कई संपर्क सड़कें भूस्खलन से बाधित हो गई हैं।

बागछाल पुल के पास फिर हुआ भूस्खलन

लोक निर्माण विभाग सड़कों की बहाली में जुटा है। समलेटू के पास किरतपुर-मनाली फोरलेन पर भूस्खलन हुआ है। इससे फोरलेन पर वाहनों की आवाजाही भी बाधित हो गई। वहीं ऋषिकेश में बारिश के बाद आए मलबे में एचआरटीसी की बसें फंस गईं। भारी बारिश से झंडूता में बागछाल पुल के पास गुरुवार को फिर से भूस्खलन हो गया। वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करने का प्रशासन ने आग्रह किया है।

566 सड़कें 525 बिजली ट्रांसफार्मर बाधित

राज्य में गुरुवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में दो नेशनल हाईवे सहित 566 सड़कें बंद रहीं। इसके अतिरिक्त 525 बिजली ट्रांसफार्मर व 281 जल आपूर्ति योजनाएं भी ठप हैं। कुल्लू में 155, मंडी 203, शिमला 50, कांगड़ा 46, चंबा 26 व बिलासपुर जिले में 24 सड़कें बंद हैं। शिमला में भी माैसम खराब बना हुआ है।

मानसून सीजन में अब तक 4,582 करोड़ का नुकसान

हिमाचल में इस मानसून सीजन में अब तक 4,595 करोड़ की संपत्ति का नुकसान हो चुका है। प्रदेश में 20 जून से 17 सितंबर तक 419 लोगों की जान चली गई है, 479 लोग घायल हुए हैं। 45 लोग अभी भी लापता हैं। 182 लोगों की मौत सड़क हादसों में हुई है। राज्य में 587 पक्के,934 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। 2,150 पक्के और 4,639 कच्चे मकानों को नुकसान हुआ है। 583 दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके अलावा 6,515 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 2,410 मवेशियों की माैत हो गई।

कुछ स्थानों पर 24 सितंबर बरसेंगे बादल, रात को नयना देवी में हुई 140.8 एमएम बारिश

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य के कुछ भागों में 24 सितंबर तक बारिश का दाैर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, 19 सितंबर से बारिश में काफी कमी आने की संभावना है। वहीं बीती रात को नयना देवी में 140.8, बिलासपुर 122.8, काहू 92.3, नाहन 80.6, मालरांव 60.0, ब्राह्मणी 45.4, नगरोटा सूरियां और कसौली 45.0, मंडी 43.2, भटियात 43.1, घाघस 37.8, पालमपुर 31.0, बग्गी 27.6 व धर्मपुर में 26.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube