हिमाचल: सीएम सुक्खू बोले- अगले बजट में पूरी करेंगे शेष दो गारंटियां

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि आने वाले बजट में कांग्रेस की शेष दो गारंटियां भी पूरी कर दी जाएंगी। कर्मचारियों के लिए ओपीएस किसी सूरत में बंद नहीं होगी। केंद्र सरकार लगातार दबाव बनाने का प्रयास कर रही है। हर महीने पत्र आ रहे हैं कि यूपीएस लागू करो। केंद्र ने आर्थिक रूप से राज्य पर सख्ती कर रखी है, लेकिन हम हर चुनौती का हम सामना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू शिमला में कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के पदभार ग्रहण समारोह में बोल रहे थे। सीएम ने कहा कि वह भी लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष रहे।

कुछ साल पहले कांग्रेस में इतने पदाधिकारी बनाए गए, जितने उन्होंने एनएसयूआई अध्यक्ष रहते भी नहीं बनाए। उन्होंने कहा कि जल्द कार्यकारिणी का गठन होगा और कांग्रेस दोबारा सत्ता में आएगी। उन्होंने युवा कांग्रेस के साथियों को धैर्य रखने की सलाह देते हुए कहा कि अनुशासित लोगों को आगे लाया जाएगा। संगठन में एनसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस से निकले नेताओं के अलावा पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी अहमियत देनी होगी। नई टीम का आना एक युग परिवर्तन है।

11 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी की लड़ाई युद्ध में बदलेगी
सीएम सुक्खू ने कहा कि 11 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी की लड़ाई युद्ध में बदलेगी। आने वाले समय में विनय कुमार की अध्यक्षता में लड़ाई लड़ी जाएगी। मंडी के पड्डल मैदान में जहां पीएम मोदी की रैली हुई थी, 11 दिसंबर को वहीं कांग्रेस की रैली होगी। प्रदेश कांग्रेस सरकार जनता के सामने 2027 तक का रोड मैप रखेगी। कांग्रेस ने छह सीटों पर हुए उपचुनाव के बाद दोबारा 40 विधायकों की संख्या को पूरा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराना कोई बड़ी बात नहीं है।

पहले प्रतिभा, अब विनय के अंडर काम करूंगा
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि डॉ. वाईएस परमार के बाद पहली बार कांग्रेस ने सिरमौर जिला को पार्टी अध्यक्ष दिया है। पार्टी की एक प्रथा है कि तीन साल बाद नया अध्यक्ष बनाया जाता है। जिस तरह प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस को एकजुट रखा, उसके लिए वह उन्हें मुबारक देते हैं। सीएम ने कहा, मैं पहले प्रतिभा सिंह के अंडर था और अब विनय कुमार के अंडर काम करूंगा। वह विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया को भी धन्यवाद देते हैं, जिन्होंने रात्रि में विनय कुमार का बतौर विधानसभा अध्यक्ष इस्तीफा स्वीकार किया।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube