
सर्दियों का मौसम दस्तक दे चुका है और इसके साथ ही शुरू हो जाती है खांसी-जुकाम और बलगम की समस्या। जी हां, अगर आप बार-बार बीमार पड़ रहे हैं या आपकी छाती में कफ जमा हो रहा है, तो इसकी एक बड़ी वजह आपकी रोजमर्रा की डाइट हो सकती है। दरअसल, न्यूट्रिशनिस्ट किरण कुकरेजा के मुताबिक कुछ ऐसे फूड्स हैं, जिनका सेवन इस मौसम में बलगम को बहुत तेजी से बढ़ा देता है। ऐसे में, अगर आप सर्दी-जुकाम से खुद को बचाना चाहते हैं, तो इन 4 चीजों को अपनी प्लेट से तुरंत हटा दें।
सत्तू ड्रिंक
सत्तू गर्मियों का एक ‘सुपरफूड’ है क्योंकि यह शरीर को ठंडक देता है। बता दें, यही ‘कूलिंग इफेक्ट’ सर्दियों में कफ और बलगम को बढ़ा सकता है। अगर आप इसे अक्सर पीते हैं, तो शरीर का आंतरिक तापमान कम हो सकता है और खांसी-जुकाम की शिकायत हो सकती है।
सौंफ का पानी
सौंफ को एक बेहतरीन माउथ फ्रेशनर और पाचन के लिहाज से फायदेमंद माना जाता है, लेकिन यह भी स्वभाव से ठंडी होती है। सौंफ का शीतल गुण आपके शरीर में कफ दोष को बढ़ा सकता है, खासकर जब इसे पानी के रूप में अधिक लिया जाए। इससे सर्दी और बलगम की समस्या बढ़ सकती है।
दही या केले से बनी स्मूदी
ये दोनों चीजें, खासकर जब एक साथ खाई जाती हैं, तो शरीर में बलगम बनाने का काम करती हैं। ठंड के मौसम में इस मिश्रण का सेवन गले में भारीपन, जमाव और कफ को बहुत तेजी से बढ़ाता है। आयुर्वेद में इस मेल को सर्दियों के लिए अच्छा नहीं माना गया है।
नारियल पानी
नारियल प्रकृति से ही बहुत ठंडा होता है। इसका पानी हो या दूध, इसका शीतल प्रभाव शरीर में देर तक रहता है। नारियल का अत्यधिक ठंडापन आपके शरीर में सर्दी और साइनस की समस्याओं को बढ़ा सकता है। इसलिए, ठंड के दिनों में नारियल पानी का सेवन सावधानी से करना चाहिए।
याद रखें, स्वस्थ रहने का राज संतुलन है। ये चीजें गर्मियों में आपकी दोस्त हो सकती हैं, लेकिन ठंड में इन्हें सीमित कर देना ही बुद्धिमानी है। सर्दियों में आप गर्म तासीर वाली चीजें, जैसे हल्दी वाला दूध, अदरक की चाय और शहद का सेवन बढ़ा सकते हैं। यह आपके शरीर को अंदर से गर्म रखकर खांसी-जुकाम से लड़ने में मदद करेगा।



