माैसम ने बदली करवट, रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश की लाहाैल घाटी में माैसम ने लंबे अरसे बाद करवट बदली। सोमवार सुबह रोहतांग दर्रा सहित अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई। जबकि कोकसर, ग्रांफू सहित चंद्र घाटी में बर्फ के फाहे गिरे हैं। ताजा बर्फबारी के बाद घाटी ने सफेद चादर ओढ़ ली है। इससे क्षेत्र में शीतलहर तेज हो गई है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मंडी और बिलासपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बिलासपुर के भाखड़ा बांध के जलाशय क्षेत्र के आसपास और मंडी की बल्ह घाटी में देररात और सुबह के समय घना कोहरा छाने का अनुमान है।

जानें एक सप्ताह तक कैसा रहेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 14 दिसंबर तक माैसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिली हुई है। अगले 3–4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी। अधिकतम तापमान में अगले कुछ दिनों तक कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा।

कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 9.5, सुंदरनगर 5.7, भुंतर 6.5, कल्पा 2.6, धर्मशाला 6.8, ऊना 5.4, नाहन 9.8, पालमपुर 7.0, सोलन 3.7, मनाली 6.7, कांगड़ा 7.0, मंडी 7.1, बिलासपुर 7.7, हमीरपुर 5.7, कुफरी 6.4, कुकुमसेरी -6.2, नारकंडा 3.7, भरमाैर 7.8, रिकांगपिओ 3.5, बरठीं 4.8, पांवटा साहिब 9.0, सराहन 4.1, देहरा गोपीपुर 6.0, ताबो -1.8 व बजाैरा में 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बर्फ हटाने के लिए तैनात रहेंगी 700 मशीनें
शिमला। लोक निर्माण विभाग आगामी बर्फबारी से निपटने के लिए योजना तैयार कर रहा है। दिसंबर के अंत या जनवरी महीने में बर्फबारी की संभावना रहती है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग तैयारियों में जुटा है। सड़कें बहाल करने के लिए 700 मशीनें लगाई जाएंगी। साथ ही 30 हजार फील्ड कर्मचारियों के अलावा मल्टी ट्रास्क वर्करों की भी सेवाएं ली जाएंगी। बंद होने की स्थिति में पहले राज्य मार्गों की सड़कों को यातायात के लिए बहाल किया जाएगा।

उसके बाद जिला व संपर्क मार्ग खोले जाएंगे। जिला चंबा, लाहौल स्पीति, कुल्लू, शिमला और मंडी में सड़कों को बहाल करने के लिए टीमें गठित की जाएंगी। लोक निर्माण विभाग मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित होगा। इसमें जिला में बंद सड़कों की जानकारी दी जाएगी। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बर्फबारी से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग तैयारियों में जुटा है। राज्य मार्गों को अवरुद्ध नहीं होने दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube