
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के प्रचार का आज यानी रविवार को आखिरी दिन है। इस मौके पर कैमूर जिला पूरे दिन राजनीतिक रैलियों और नेताओं की आवाजाही से गुलजार रहेगा। राष्ट्रीय से लेकर क्षेत्रीय दलों तक, सभी अपने उम्मीदवारों के समर्थन में आखिरी दांव चलने में जुट गए हैं।
राजनाथ सिंह की चुनावी हुंकार आज कैमूर में
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को मोहनिया विधानसभा क्षेत्र के जगजीवन मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वह चैनपुर विधानसभा क्षेत्र के अवखरा स्थित चरवाहा विद्यालय मैदान में भी जनसभा करेंगे।
ये दोनों सभाएं एनडीए अभियान के तहत आयोजित की जा रही हैं। राजनाथ सिंह की मौजूदगी को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमारकरेंगे JDU प्रत्याशी के लिए प्रचार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज हाटा उच्च विद्यालय मैदान, कैमूर पहुंचेंगे, जहां वह जदयू प्रत्याशी मोहम्मद जमा खान के पक्ष में सभा को संबोधित करेंगे। अपने भाषण में नीतीश कुमार राज्य सरकार के विकास कार्यों, सड़क और शिक्षा सुधारों जैसी योजनाओं को जनता के सामने रखेंगे।
तेजस्वी यादव की मैराथन रैलियां, चार जगह करेंगे संबोधन
राजद नेता तेजस्वी यादव रविवार को कैमूर जिले में चार चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वे मोहनिया विधानसभा के घटाव मैदान, रामगढ़ विधानसभा के रामगढ़ हाई स्कूल मैदान, भभुआ के हवाई अड्डा मैदान, और चैनपुर के हमीरपुर चंद विद्यालय मैदान में अपनी रैलियों से माहौल गरमाएंगे। तेजस्वी का फोकस युवाओं, रोजगार और शिक्षा के मुद्दों पर रहेगा।
मुकेश सहनी और पवन सिंह भी मैदान में
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी भी आज कैमूर जिले के हमीरपुर उच्च विद्यालय मैदान, चांद में सभा करेंगे।
वहीं भोजपुरी स्टार और BJP नेता पवन सिंह रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के डुमरी बिछिया मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इन दोनों नेताओं की मौजूदगी से चुनावी माहौल में और गर्माहट आ गई है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
प्रशासन ने जिले भर में सुरक्षा तैनाती को मजबूत किया है। हर छोटे-बड़े आयोजन पर प्रशासन की पैनी नजर है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके। दिनभर जिले में सियासी हलचल और नेताओं की गूंज से पूरा इलाका चुनावी रंग में रंग गया है।



