झगड़े के मामले में जमानत पर आए युवक के चाचा की ईंट बरसाकर हत्या

थाना क्षेत्र के रोहटा रोड स्थित जवाहर नगर में शनिवार शाम दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने छत पर चढ़कर दूसरे पक्ष पर पथराव कर दिया। इस दौरान सिर में ईंट लगने से सोनू (50) की मौत हो गई। हमले में उसका भतीजा अजय भी घायल हो गया। दोनों पक्षों में शुक्रवार रात भी झगड़ा हुआ था। पुलिस ने अजय और दूसरे पक्ष के एक युवक का शांति भंग में चालान किया था। पुलिस ने दो बहनों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर संगीता व अजय पक्ष में विवाद हो गया था। संगीता ने अजय के खिलाफ थाने पर तहरीर दी थी। मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने पहुंचकर अजय व दूसरे पक्ष के युवक का शांति भंग में चालान कर दिया था। शनिवार शाम अजय जमानत पर आ गया। अजय के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़ेे छह बजे वह अपने चाचा सोनू के साथ जा रहा था। आरोप है कि उन्हें देखकर संगीता और उसकी बहन अंजलि व जीजा सनी ने अजय व उसके चाचा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

दोनों ने आरोपियों की हरकतों का विरोध किया। इसके बाद आरोपी अपने मकान की छत पर चढ़ गए। यहां से उन्होंने अजय व उसके चाचा सोनू पर ईंट बरसा दीं। पथराव में दोनों चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर परिजन व आसपास के लोग दौड़े। परिजनों ने घायलावस्था में सोनू और अजय को अस्पताल में भर्ती कराया। सोनू की गंभीर हाथ देखते हुए चिकित्सकों ने हायर सेंटर अस्पताल में रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ के मुताबिक परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी संगीता, अंजली और सनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शांति व्यवस्था के लिए क्षेत्र में पुलिसबल तैनात किया गया है।

परिजनों का रोकर बुरा हाल

सोनू मजदूरी करता था। वह पत्नी लक्ष्मी, बेटे करण व दिवाना और बेटी शीतल व छोटी के साथ रह रहा था। सोनू की हत्या के बाद पत्नी और चारों बच्चों का रोते हुए बुरा हाल हो गया। रिश्तेदारों और परिचितों ने उन्हें किसी तरह संभाला।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube