जम्मू-कश्मीर में अगले 15 दिनों में हो सकती है हल्की बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर में अगले 15 दिनों के दौरान बादल, कोहरा और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है।

फिलहाल पूरे जम्मू कश्मीर में नवंबर महीने की तरह दिसंबर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर बना हुआ है।

शेर-ए-कश्मीर मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर से मिली जानकारी अनुसार जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार को मौसम आमतौर पर शुष्क रहा, जबकि कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

श्रीनगर में अधिकतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

काजीगुंड, पहलगाम और कुपवाड़ा में भी दिन का तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री अधिक रिकार्ड किया गया। पहलगाम में अधिकतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।

जो दिसंबर के लिए काफी अधिक माना जाता है। गुलमर्ग में दिन का अधिकतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस
अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

दक्षिण कश्मीर के कुकरनाग में भी दिन का तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया। जम्मू संभाग में भी दिन का तापमान सामान्य से ऊपर रहा। जम्मू में अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस, कटडा में 22.7 डिग्री सेल्सियस और बटोत में 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पूरे जम्मू-कश्मीर में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं हुई और अधिकांश स्टेशनों पर आर्द्रता सुबह अधिक जबकि शाम को कम पाई गई। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube