इंग्लैंड-श्रीलंका मैच पर भी मंडराया बारिश का काला साया, क्या धुल जाएगा मुकाबला?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में आज श्रीलंका का सामना इंग्लैंड से होने जा रहा है। श्रीलंका के लिए यह टूर्नामेंट का पहला सुपर-8 मुकाबला है, लेकिन फैंस की नजरें मैदान से ज्यादा आसमान पर टिकी हैं।

इस मैच पर बारिश का बड़ा खतरा है। शनिवार यानी 21 फरवरी को जैसे कोलंबो में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच भारी बारिश की वजह से धुल गया था। अब पल्लेकेले में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज पल्लेकेले में दिनभर में कम से कम तीन घंटे भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। अगर ऐसा होता है, तो फैंस को एक बार फिर निराशा हाथ लग सकती है।

ENG vs SL: पल्लेकेले में इंग्लैंड का श्रीलंका से सामना

दरअसल, टी20 विश्व कप में अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाली इंग्लैंड की टीम श्रीलंका के खिलाफ आज सुपर-8 के मुकाबले में अपने उस शानदार प्रदर्शन से प्रेरणा लेना चाहेगी जब इस टूर्नामेंट से ठीक पहले उसने श्रीलंका को टी-20 सीरीज में 3-0 से हराकर क्लीन स्वीप किया था। 

दोनों टीमें इस मुकाबले में स्पिन गेंदबाजी के दम पर वर्चस्व बनाना चाहेंगी। श्रीलंका के ऑफ स्पिनर महेश तीक्षणा चार मैचों में छह विकेट लेकर उनके सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं। 

वहीं तेज गेंदबाज दुशमंथा चमीरा अंतिम ग्रुप मैच में आराम करने के बाद वापसी करने के लिए तैयार हैं। जबकि इंग्लैंड की गेंदबाजी में निगाहें आदिल राशिद और लियाम डासन की स्पिन जोड़ी के साथ-साथ तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पर टिकी होंगी। 

हालांकि इस मैच पर वर्षा का खतरा भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने बारिश की संभावना है। हालांकि टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड को छोटी टीमों के खिलाफ भी जीत हासिल करने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा है और पूर्व चैंपियन वेस्टइंडीज से उसे लीग चरण में ही करारी शिकस्त मिल चुकी है। वहीं श्रीलंका ने आयरलैंड और ओमान पर जीत के साथ शुरुआत की थी।

ENG vs SL Weather Forecast: बारिश की संभावना काफी ज्यादा

मौसम विभाग के अनुसार, पल्लेकेले में दिन में लगभग 3 घंटे और रात में 2 घंटे भारी बारिश की संभावना है। हालांकि रात में बारिश का खतरा कम होकर 55% हो जाएगा, लेकिन पल्लेकेले में जिस तरह का पूर्वानुमान है, उसे देखते हुए 20-20 ओवर का पूरा खेल होना नामुमकिन सा लग रहा है। 

सबसे डराने वाली बात यह है कि मैच शुरू होने के समय ही बारिश का स्तर सबसे ज्यादा रहने वाला है, जिसका मतलब है कि टॉस में देरी और बार-बार बाधा आना लगभग तय है। इस मैच की शुरुआत दोपहर 3 बजे से होगी, यानी 2:30 बजे टॉस होगा।

अगर ENG vs SL मैच धुला, तो क्या होगा?

नियमों के मुताबिक, सुपर-8 मुकाबलों के लिए कोई रिजर्व डे (Reserve Day) नहीं रखा गया है। रिजर्व डे की सुविधा सिर्फ सेमीफाइनल और फाइनल के लिए ही उपलब्ध है। 

अगर आज भारी बारिश की वजह से मैच नहीं हो पाता है, तो इसे आधिकारिक तौर पर ‘नो रिजल्ट’ घोषित कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच 1-1 अंक बांट दिया जाएगा।

शनिवार को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया था, जिससे उन दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला था। अब अगर इंग्लैंड और श्रीलंका का मैच भी धुल जाता है, तो ग्रुप की चारों टीमें (इंग्लैंड, श्रीलंका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड) बराबर अंकों पर खड़ी होंगी।

सेमीफाइनल की राह होगी मुश्किल

दो मैचों के रद होने का मतलब यह है कि अब ग्रुप की सभी टीमों के लिए अगले मुकाबले “करो या मरो” वाले हो जाएंगे। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीमों को अब अपने बचे हुए मैचों में न केवल जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि रन-रेट का भी खास ख्याल रखना होगा।

ENG vs SL: दोनों टीमें इस प्रकार-

इंग्लैंड: हैरी ब्रूक (कप्तान), टॉम बैंटन, जोस बटलर, बेन डकेट, फिल सॉल्ट, जैकब बेथेल, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, जोश टंग, ल्यूक वुड।

श्रीलंका: कुसाल मेंडिस, कामिल मिशारा, पथुम निसांका, कुसल परेरा, पवन रत्नायके, दासुन शनाका (कप्तान), चरिथ असलांका, दुशान हेमंथा, जनिथ लियानागे, कामिंदु मेंडिस, दुश्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका, प्रमोद मदुशन, महेश तीक्षणा, दुनिथ वेलालगे।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube