नवाब संपत्ति विवाद: किसके हिस्से में आएगी कितनी दौलत, 143 पन्नों में दर्ज

नवाब रजा अली खां की करीब 27 अरब की संपत्ति के बंटवारे में किसके हिस्से में कितनी दौलत आएगी, यह प्रस्ताव 143 पन्नों में दर्ज हुआ है। प्रस्तावित विभाजन योजना पर अब जिस किसी पक्षकार को आपत्ति है, वह 15 दिन के भीतर अपनी आपत्ति दाखिल कर सकता है।

49 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद अब धीरे-धीरे अंतिम पड़ाव की ओर है। पूर्व में इस संपत्ति का सर्वे कराया गया था, जो करीब 27 अरब की आंकी गई थी। अब यह संपत्ति स्वर्गीय मुर्तजा अली खां की बेटी निखत बी, बेटे मुराद मियां और दूसरे पक्ष के स्वर्गीय मिक्की मियां की पत्नी पूर्व सांसद बेगम नूरबानो, उनके बेटे नवेद मियां और बेटियों समेत कुल 16 वारिसों में बंटनी है। शरीयत के हिसाब से होने वाले बंटवारे की प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को जनपद न्यायाधीश की ओर से प्रस्तावित पार्टीशन स्कीम पेश की गई। कुल 143 पेजों की इस इस स्कीम में यदि किसी पक्षकार को कोई आपत्ति है तो वह 15 दिन के भीतर आपत्ति दाखिल करने का उसे वक्त दिया गया है।
 
अलग से होगा शत्रु संपत्ति का फैसला

नवाब संपत्ति का जिन 16 लोगों में बंटवारा होना है इनमें पाकिस्तान की नागरिक मेहरुन्निशा की संपत्ति को कस्टोडियन घोषित किया गया है। इस मामले की नौ जुलाई को हुई सुनवायी में शत्रु संपत्ति अभिरक्षक भारत सरकार की ओर से मेहरुन्निशा की संपत्ति जिसे शत्रु संपत्ति घोषित किया हुआ है, इसे कस्टोडियन को दिलाने का अनुरोध करते हुए अर्जी लगाई गई थी, जो फिलहाल लंबित है। अधिवक्ता संदीप सक्सेना के अनुसार पाकिस्तान के पूर्व एयर चीफ मार्शल अब्दुल रहीम खान की पत्नी मेहरून्निसा बेगम पक्षकार हैं। उनकी संपत्ति को भारत सरकार के सहायक शत्रु संपत्ति अभिरक्षक ने शत्रु संपत्ति बताते हुए कोर्ट में जो प्रार्थना पत्र दिया था, उस पर बाद में फैसला होगा। 

जानें किसके हिस्से में कितनी संपत्ति

नाम पक्षकार                   शरीयत के आधार पर हिस्सा
पूर्व सांसद बेगम नूरबानो        2.250 प्रतिशत
नवाब काजिम अली खां        7.874 प्रतिशत
समन खां                          3.937 प्रतिशत 
सबा दुर्रेज अहमद            3.937 प्रतिशत
तलत फतमा हसन              2.025 प्रतिशत
गीजला मारिया अली खान     5.165 प्रतिशत
नदीम अली खां                5.165 प्रतिशत
सिराजुल हसन                4.051 प्रतिशत
ब्रिजिश लका बेगम         8.999 प्रतिशत
अख्तर लका बेगम         8.999 प्रतिशत
नाहिद लका बेगम          8.999 प्रतिशत
कमर लका बेगम           8.999 प्रतिशत 
मुहम्मद अली खां         8.101 प्रतिशत
निगहत बी                4.051 प्रतिशत
 
दो की हो चुकी है मौत

नवाब संपत्ति बंटवारे में कुल 18 पक्षकार थे, जिनमें केसर जमानी बेगम और तलत जमानी बेगम की मौत हो चुकी है। इन दोनों का हिस्सा बराबर-बराबर 4.167 प्रतिशत है। 
 
कस्टोडियन पर फैसला नहीं

पाकिस्तान के पूर्व एयर चीफ मार्शल अब्दुल रहीम खान की पत्नी मेहरुन्निशा बेगम भी हिस्सेदार हैं। वह नवाब रजा अली खां की बेटी हैं। उनके हिस्से में सबसे ज्यादा करीब तीन सौ करोड़ की संपत्ति आ रही है। दरअसल इनका हिस्सा 7.292 फीसद है, जबकि इनकी मां तलत जमानी बेगम का हिस्सा 4.167 फीसद है। इनकी मां की मौत हो चुकी है। उनका हिस्सा भी इन्हें मिल रहा है। इस तरह इनके हिस्से में 11.459 फीसद संपत्ति आ रही है, जो तीन सौ करोड़ से भी ज्यादा है। हालांकि इस संपत्ति पर भारत सरकार के सह अभिरक्षक शत्रु संपत्ति ने अपना दावा जताते हुए इसी माह कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था। लेकिन, कोर्ट के अनुसार उस पर फैसला अलग से होना है।

पूर्व निर्धारित शरीयत के हिसाब से हिस्सेदारी तय की गई 

नवाब काजिम अली खां के वकील संदीप सक्सेना ने बताया कि पक्षकारों की आपत्तियों के निस्तारण के बाद पार्टीशन की फाइनल स्कीम आएगी। शत्रु संपत्ति अभिरक्षक की ओर से दाखिल प्रार्थना पत्र के संबंध में अलग से फैसला होगा। कुल 143 पन्नों में आयी प्रस्तावित विभाजन योजना में पूर्व निर्धारित शरीयत के हिसाब से हिस्सेदारी तय की गई है।
 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com