MP Weather Update: आज से कुछ कम होगी धूप की तल्खी, तीन दिन बाद फिर तीखे होंगे गर्मी के तेवर

MP Weather Update। एक पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में उत्तरी पाकिस्तान के पास बना हुआ है। इस सिस्टम के प्रभाव से हवा का रुख बदल गया है। इस वजह से राजधानी भोपाल सहित मध्य प्रदेश के अधिकांश जिलों में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। बुधवार को पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने की संभावना है। इससे हवा का रुख उत्तरी होने के आसार हैं। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट होने लगेगी। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दो-तीन दिन तक तापमान में गिरावट हो सकती है। इसके बाद एक बार फिर गर्मी के तेवर तीखे होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि वर्तमान में कोई वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं है। हवाओं का रुख भी लगातार पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। राजस्थान और गुजरात में भीषण गर्मी पड़ रही है। वहां से लगातार आ रही गर्म हवाओं के कारण प्रदेश के सभी जिलों में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। दोपहर के समय लगभग 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इससे विशेषकर उत्तरी मध्य प्रदेश के जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को रीवा, ग्वालियर, सतना, सीधी, दमोह, गुना और छतरपुर में लू चली। जबलपुर, ग्वालियर और राजगढ़ में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात गर्म रात में शुमार रही। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि लगातार पश्चिमी हवाओं के चलने के कारण दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

उत्तरी पाकिस्तान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के बुधवार को उत्तर भारत से आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद हवा का रुख उत्तरी होने के आसार हैं। इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट होने लगेगी। हालांकि दो अप्रैल को एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में दाखिल होने के आसार हैं। इसके असर से तीन दिन बाद एक बार फिर न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com