नेपाल प्रशासन ने शमशुल होदा को भारत सौंपने से किया इंकार

कानपुर के पुखरायां रेल हादसे का मुख्य साजिशकर्ता एवं पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आइइसआइ के लिए काम करने वाले शमशुल होदा को नेपाल लेने गई भारतीय अधिकारियों की टीम को निराशा हाथ लगी है। नेपाल प्रशासन ने उसे सौंपने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि शमशुल होदा के ऊपर नेपाल के बारा में हत्या का मुकदमा दर्ज है। उसका मुकदमा नेपाली अदालत में विचाराधीन है, ऐसे में उसे भारतीय अधिकारियों को नहीं सौंप सकते। हालांकि भारतीय अधिकारियों ने इस संबंध में नेपाल सरकार को अवगत करा दिया है। दोनों देश के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच वार्ता चल रही है।

नेपाली प्रशासन से जुड़े अधिकारियों के अनुसार पुखराया रेल हादसे के मास्टर माइंड शमशुल होदा को लेने के लिए नई दिल्ली से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम गुरुवार को नेपाल गई। नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर शमशुल होदा को रेल दुर्घटना का मुख्य आरोपी होने का दावा किया। नेपाल प्रशासन ने शमशुल होदा को भारत को सौंपने से इंकार कर दिया। नेपाली प्रशासन ने बताया कि शमशुल के ऊपर बारा के न्यायालय में हत्या का केस दर्ज है।

क्राइम ब्रांच के डीआईजी बम बहादुर भंडारी ने नेपाली मीडिया से कहा कि नेपाल के नागरिक को दूसरे देश को सौंपना फिलहाल कानून सम्मत नहीं है। होदा नेपाल में हुए एक हत्या में शामिल है। अदालत के आदेश पर जेल में बंद है। ऐसी स्थिति में होदा को भारत को सौंपना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन भी है। भारतीय अधिकारियों की टीम होदा से जब चाहे पूछताछ कर सकती है। पूछताछ के लिए नेपाल भारत की मदद कर सकता है। इधर भारतीय अधिकारियों का दल नेपाल के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर शमशुल होदा को भारत लाने की कोशिश में जुटा हुआ है।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com