यूपी: दो पक्षों में जमकर विवाद, फिर चले लाठी-डंडे और धारदार हथियार, फायरिंग भी हुई, कई लोग घायल

मेरठ में सरधना क्षेत्र के अक्खेपुर गांव में दो पक्षों के बीच जमीनी विवाद में संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। पथराव और फायरिंग भी हुई, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। संघर्ष में एक युवक के पैर में गोली लगी है। दोनों ओर से एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है।

अक्खेपुर गांव में संजय पुत्र करण सिंह और भगत सिंह के बीच जमीनी विवाद चल रहा है। शुक्रवार को खेत की मेड़ काटने को लेकर दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। पथराव व फायरिंग भी हुई। जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों में आदित्य व यशपाल पुत्र भगत सिंह और दूसरे पक्ष से मनोज व संजय पुत्र करण सिंह घायल हो गए। इस दौरान संजय के पैर में गोली लगी और मनोज को भी छर्रे लगे। संघर्ष के बाद दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे।

संजय पक्ष ने तहरीर में बताया कि वह गांव के बाहरी छोर पर स्थित कोल्हू पर सो रहा था। सोते समय उस पर फायर कर दिया। गोली उसके पैर में लगी है। वहीं दूसरे पक्ष से आदित्य व यशपाल ने बताया कि संजय पक्ष के लोगों ने उन पर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।

थानाध्यक्ष बृजेश कुमार का कहना है कि दोनों ओर से हमला कर घायल करने की शिकायत दी गई है। तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com