Chaitra Navratri Ashtami 2021: कोरोना महामारी से मुक्ति पाने के लिए उज्जैन कलेक्टर ने की नगर पूजा

Chaitra Navratri Ashtami 2021। कोरोना महामारी के निवारण तथा नगर में सुख समृद्धि की कामना को लेकर कलेक्टर आशीष सिंह ने चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी पर नगर पूजा की। इस बार नगर पूजा को लेकर संशय की स्थिति थी। सोमवार देर रात कलेक्टर ने इस संबंध में निर्देश जारी किए। इसके बाद रात 2 बजे बाद व्यवस्थाएं जुटाई गई। मंगलवार को चौबीस खंबा माता मंदिर स्थित माता महामाया व महालया को मदिरा का भोग अर्पित कर कलेक्टर ने नगर पूजा की शुरुआत की। इसके बाद अधिकारी व कोटवारों का शासकीय दल नगर पूजा के लिए रवाना हुआ। महा अष्टमी पर नगर पूजा की परंपरा अनादि काल से चली आ रही है। मान्यता है सम्राट विक्रमादित्य ने भी अपने शासनकाल में महामारी आने पर नगर पूजा की थी। इसके प्रभाव से महामारी का विनाश हुआ था। कोरोना वायरस के निवारण के लिए नईदुनिया ने प्रबुद्ध जनों की मांग पर नगर पूजा का मुद्दा उठाया था। इसके बाद प्रशासन ने मंगलवार को महा अष्टमी पर नगर पूजा कराने का निर्णय लिया।

मंगलवार शाम तक नगर के 40 देवी व भैरव मंदिरों में नगर पूजा की जाएगी। शाम को गढ़कालिका क्षेत्र स्थित हांडी फोड़ भैरव मंदिर पर नगर पूजा का समापन होगा। इस दौरान सतत नगर में मदिरा की धार लगाई जाएगी तथा पूरी भजिए अर्पित किए जाएंगे। मान्यता है कि नगर पूजा से देवी देवता प्रसन्न होते हैं। आश्रितों को तृप्ति मिलती है और वह प्रसन्न होकर नगर को सुख समृद्धि का आशीर्वाद देते हैं।

शक्तिपीठ हरसिद्धि में हुई शासकीय पूजा

देश के 52 शक्तिपीठों में से एक शक्तिपीठ हरसिद्धि मंदिर में दोपहर 12 बजे कलेक्टर आशीष सिंह ने माता हरसिद्धि का पूजन कियाl देवी को सौभाग्य सामग्री अर्पित कर नगर की खुशहाली तथा कोरोना महामारी को खत्म करने के लिए प्रार्थना कीl शक्ति पीठ में शाम 6:30 बजे हवन होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com