संघ प्रमुख भागवत ने की स्वयंसेवकों से सेवा करने की अपील, कहा- हमें अहंकार छोड़कर सेवा करनी चाहिए

स्वयंसेवकों से सेवा करने की अपील करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ संचालक मोहन भागवत ने कहा कि हमें अहंकार छोड़कर सेवा करनी चाहिए।  मानवता को सेवा भाव से देखा जाना चाहिए। सेवा को लाभ के रूप में नहीं देखना चाहिए। सेवा अगर लाभ की आशा से की गई तो वह सेवा नहीं रह जाती। दिखाने या स्पर्धा के लिए भी सेवा नहीं की जाती है।

गुरुवार को पटना से सटे फुलवारीशरीफ के कोरियावां के केशव नगर में डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति की ओर से सेवा सदन के लिए साढ़े तीन बीघा जमीन पर बनने वाले तिमंजिला भवन के निर्माण कार्य का कार्यारम्भ करते हुए श्री भागवत ने ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि हमारे भारत की परंपरा यही रही है कि निःस्वार्थ रूप से कष्ट में रहें पर प्राणी की सेवा करते रहें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत में एक लाख 37 हजार सेवा सदन चल रहे हैं। इसमें सरकारी पैसा नहीं लगाया जाता है, चंदा से चलता है। किसी तरह की जरूरत पड़ी तो हमारे कार्यकर्ता पैसे खर्च करते हैं। 

संघ प्रमुख ने पटना में बनने वाले भवन पर कहा कि इसमें बिहार के सुदूर जिलों से पटना आने वाले मरीज व उनके व परिजनों के रहने व भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। पटना में इलाज कराने बिहार के सुदूर जिलों से लोग आते हैं। मरीजों और उनके परिजनों को रहने व खाने-पीने की बड़ी समस्या होती है। इसी उद्देश्य से बनाए जा रहे इस भवन के बन जाने से मरीजों को सुविधा होगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि पटना एम्स कोरोना काल में भी निरंतर स्वास्थ सेवा दे रहा है और अब भी लगातार जारी है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा यहां पर मरीजों के परिजनों के रहने के लिए व्यवस्था की जा रही है। यह बन जाने के बाद उत्तर भारत से बड़ी तादाद में पहुंचने वाले मरीजों के परिजनों को लाभ मिलेगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की इस पहल की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम होगी।
समारोह में उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, विधान सभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार, नंदकिशोर यादव, पूर्व विधायक आशा सिन्हा समेत भाजपा के कई गणमान्य नेता मौजूद थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com