प्रियंका गांधी प्रयागराज पहुंची , प्रमोद तिवारी ने की अगवानी, सबसे पहले आनंद भवन गईं

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को प्रयागराज पहुंची हैं। उनके साथ दिल्‍ली से कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्र मोना भी आई हैं। प्रयागराज पहुंचने पर प्रियंका गांधी की अगवानी वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने की। 

श्री तिवारी ने एयरपोर्ट पर प्रियंका गांधी का स्वागत बुके भेंटकर किया। प्रयागराज पहुंचते ही प्रियंका का काफिला एयरपोर्ट से आनंद भवन के लिए रवाना हो गया। वह झलवा से राजरूपपुर होते हुए एजी ऑफिस चौराहा फिर धोबी घाट चौराहा और बालसन होते हुए आनंद भवन पहुंचीं। उनके स्वागत में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में सैकड़ों छात्र वहां पहले से मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से वहां काफी चाक चौबंद व्‍यवस्‍था की गई है। 

प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को पांच घंटे प्रयागराज में गुजारेंगी। वह मनकामेश्वर मंदिर भी जाएंगी। इसके साथ ही संगम स्नान व मनकामेश्वर मंदिर में भगवान शिव के पूजन व आरती में भी शामिल हो सकती हैं। 

दो साल बाद आई हैं प्रियंका
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी करीब दो साल बाद प्रयागराज आई हैं। वर्ष 2019 में दो बार प्रियंका का प्रयागराज आना हुआ था। 17 मार्च 2019 को प्रियंका ने प्रयागराज से जल यात्रा निकाली थी। संगम में हनुमान मंदिर में मत्था टेकने के बाद वह सड़क मार्ग से छतनाग होते हुए दुमदुमा घाट गई थीं। दुमदुमा घाट, कौडिहार तक गंगा के रास्ते स्टीमर से गई थी। उन्होंने पुलवामा में शहीद महेशराज यादव के परिजनों से मुलाकात भी की थी। इसके बाद वह गंगा के रास्ते कौड़िहार से सीतामढ़ी तक स्टीमर से गई थीं। इस दौरान प्रियंका ने युवाओं से मुलाकात भी की थी और संवाद में भी शिरकत की थी। एक गोष्ठी में भी प्रियंका शामिल हुई थी। इसके बाद 29 अप्रैल 2019 को प्रियंका का एक और प्रयागराज दौरा हुआ था। लोकसभा चुनाव के ठीक पहले अचानक बिना किसी पूर्व सूचना के प्रियंका कुछ बच्चों के साथ प्रयागराज आ गई थीं। यहां उन्होंने बच्चों को आनंद भवन के बारे में बताया और शाम को अमेठी रवाना हो गईं।
 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com