यूपी पंचायत चुनाव: बीजेपी की प्रस्तावित सूची पर घमासान, कई का वॉर्ड बदला तो कुछ के नाम गायब

यूपी पंचायत चुनाव के लिए मेरठ जिला पंचायत के 33 वार्डों की प्रस्तावित सूची को लेकर घमासान मच गया है। कई निवर्तमान जिला पंचायत सदस्यों ने ऐलान किया है कि यदि पार्टी ने कुछ नेताओं के इशारों पर टिकट नहीं दिया तो 2015 की कहानी फिर तैयार की जाएगी। निर्दलीय चुनाव लड़कर दिखाया था, फिर निर्दलीय लड़कर दिखाएंगे।

भाजपा नेताओं ने मेरठ के 33 वार्डों के लिए 99 दावेदारों का पैनल तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को भेजा है। इसमें कई जिला पंचायत सदस्यों का सफाया कर दिया गया है। ऐसे लोग निर्दलीय के साथ ही दूसरे दलों का भी दरवाजा खटखटाने में जुट गए हैं। एक पूर्व विधायक ने तो भाजपा से जुड़े सात जिला पंचायत सदस्यों की बैठक भी की है। चर्चा है कि ये सात सदस्यों का टिकट भाजपा से नहीं हुआ तो वे निर्दलीय लड़कर चुनाव में सबक सिखाने का काम करेंगे। भाजपा नेताओं के अनुसार निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविन्दर सिंह ने वार्ड-32, धर्मेन्द्र भारद्वाज ने वार्ड-14, समीर चौहान ने वार्ड-25, रोबिन गुर्जर ने वार्ड-22, नितिन खटीक ने वार्ड-4, संदीप प्रधान ने वार्ड-3 से दावेदारी की है। 

भाजपा की ओर से जिला पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा शुरू
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने जिला पंचायत के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची शुक्रवार को जारी की गई। पश्चिम क्षेत्र के प्रथम चरण में होने वाले तीन जिलों के पंचायत चुनाव के उम्मीदवारों की भी घोषणा की गई। मुरादाबाद मंडल में रामपुर जिला, सहारनपुर कमिश्नरी में सहारनपुर जिला, मेरठ कमिश्नरी में गाजियाबाद जिला में प्रथम चरण में चुनाव होने हैं। प्रथम चरण के लिए सूची में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है। सहारनपुर में पूर्व जिला अध्यक्ष विजेंद्र कश्यप, रामपुर में मोहन लाल सैनी पूर्व जिला अध्यक्ष, गाजियाबाद में पूर्व जिला अध्यक्ष बसंत त्यागी की पत्नी ममता त्यागी को स्थान मिला है। इसी प्रकार उम्मीदवारों में विधानसभा का चुनाव लड़ चुके कई कार्यकर्ता को भी प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी के पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि सभी चुनाव महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए कार्यकर्ता को मनोयोग से पार्टी की जीत के संकल्प के साथ पंचायत चुनाव में भी कार्य करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में युवा, महिला, पिछड़ा व अनुसूचित वर्ग की बैठक करनी है। संगठन को चुनाव लड़ना है। पश्चिम क्षेत्र अध्यक्ष ने कहा कि ग्राम/बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं का सक्रिय रूप से पंचायत चुनाव में अपनी भूमिका का निर्वहन करना चाहिए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com