यूपी कैबिनेट ने आकस्मिक बैठक कर राज्यमंत्री विजय कश्यप के निधन पर जताया शोक, शोक प्रस्ताव किया पास

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में बुधवार सुबह हुई आकस्मिक कैबिनेट बैठक में मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों ने राज्यमंत्री विजय कुमार कश्यप के निधन पर शोक जताया और शोक प्रस्ताव पास किया।

बता दें कि विजय कश्यप का मंगलवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था वो कोरोना से संक्रमित थे।

विजय कश्यप मुजफ्फरनगर के चरथावल विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे। मंत्रिमंडल ने उनके निधन पर शोक जताया और कहा कि उनका निधन उनके परिवार के साथ-साथ प्रदेश के लिए भी अपूर्णीय क्षति है। 

विजय कश्यप सहारनपुर जिले के कस्बा नानौता के मूल निवासी थे। वहीं पर उनका परिवार रहता है। उनके निधन की सूचना से परिवार और भाजपा नेताओं में शोक व्याप्त हो गया।

नानौता निवासी उनके भाई अजय कश्यप ने भी निधन होने की पुष्टि करते हुए बताया कि परिवार के लोगों को सूचना दे दी गई है। मौत की खबर सुनकर परिवार में शोक छा गया। साथ ही भाजपा नेताओं ने भी इस पर दुख व्यक्त किया है। विजय कश्यप करीब डेढ़ महीने पहले कोरोना संक्रमित हुए थे। पहले वह होम आइसोलेट नानौता में रहे। आराम नहीं मिलने पर वो 23 अप्रैल को ग्रेटर नोएडा के कैलाश हास्पिटल में भर्ती हुए थे। वहां पर हालत बिगडऩे पर उन्हें तीन मई को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सोशल मीडिया पर भी शोक व्यक्त किया जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम योगी ने ट्वीट कर राज्यमंत्री विजय कश्यप के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री विजय कश्यप के निधन से बहुत दुख हुआ। वह जमीन से जुड़े नेता थे और हमेशा जनहित के कार्यों में समर्पित रहे। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों व प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया कि प्रदेश के राज्यमंत्री व मेरे सहयोगी विजय कश्यप जी का निधन अत्यंत दुखद है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com