महेंद्र नाथ पांडेय यूपी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए

केंद्रीय मंत्री डॉ महेन्द्र नाथ पांडेय उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बनाए गए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने महेंद्र नाथ पांडेय को उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पत्र जारी करते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने डॉ महेंद्र नाथ पांडेय को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है । उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

चंदौली से भाजपा सांसद डॉ महेंद्र नाथ पांडेय इस समय केंद्र में मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री भी हैं। दरअसल, विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य को उत्तरप्रदेश में उपमुख्मंत्री बनाया गया था और इसके बाद से ही नये प्रदेश अध्यक्ष की तलाश थी। ऐसे में  मौर्य नए प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने तक प्रभार संभाले हुए थे।

पांडेय को उत्तरप्रदेश भाजपा अध्यक्ष ऐसे समय में बनाया गया है जब केंद्रीय मंत्रिमंडल में अगले एक दो दिन में फेरबदल होने की अटकलें हैं । ऐसे में पार्टी अगर एक व्यक्ति, एक पद के विचार को पार्टी आगे बढ़ाती है, तो पांडेय को मंत्री पद छोडऩा पड़ सकता है।

बहरहाल, केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलों के बीच वित्त मंत्री अरुण जेटली ने आज कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अब ज्यादा दिन उन्हें दो दो मंत्रालयों का भार संभालना होगा। जेटली के पास इस समय महत्वपूर्ण रक्षा विभाग भी है।

राजधानी में एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद प्रस्तोता ने जेटली से सवाल किया कि आप कब तक दोहरा दायित्व संभालते रहेंगे, वित्त मंत्री ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, ‘कम से कम मैं उम्मीद करता हूं कि बहुत ज्यादा दिन नहीं।’ वह लंदन की साप्ताहिक पत्रिका द एकॉनामिस्ट के भारत पर केंद्रित कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

इस समय केंद्रीय मंत्रिमडल में जेटली सहित कुछ मंत्री हैं, जिन्हें दो-दो विभागों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है। अटकलें हैं कि मंत्रिमंडल का फेर बदल नजदीक है और उसमें इन मंत्रियों के दोहरे भार को हलका किया जा सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com