गर्मी @ 40: सीजन की सबसे गर्म रात, अभी बारिश के आसार नहीं

ज धूप, भीषण गर्मी व चिपचिपाती उमस के साथ जुलाई माह का आगाज हुआ है। दिन का तापमान 40 के ऊपर रहा तो रात के तापमान ने रिकार्ड तोड़ दिया। इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा है। मौसम विभाग की माने तो अगले दस दिन तक गर्मी व उमस ऐसे ही सताने वाली है। बीच में तेज हवाएं या स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी होने के आसार हैं। मगर तापमान में कमी नहीं आएगी। 

मौसम में हल्का बदलाव हो सकता है। आसमान में बादल छाएंगे लेकिन बरसने की उम्मीद बहुत कम है। इससे कानपुर में फिलहाल गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही है। गंगा के मैदानी इलाकों में मानसून कमजोर पड़ गया है। अब बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक ताजा कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे अगले सात दिन बाद मौसम में बदलाव की संभावना है। 
गर्मी से परेशान शहरवासी दिन के साथ रात में भी उमस से परेशान हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि सामान्य रूप से अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी के आसार हैं। 
  
10 जुलाई तक मानसूनी बारिश के आसार
 डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मानसून काफी कमजोर हो गया है। इससे कानपुर में अधिक गर्मी पड़ रही है। फिलहाल मानसूनी बारिश 10 जुलाई या इसके बाद होने के आसार हैं। इसके बाद ही तापमान में गिरावट आएगी। 

दिन से अधिक रात में सता रही गर्मी
तिथि            अधिकतम        न्यूनतम
25 जून        34.6            25.6
26 जून        34.6            26.4
27 जून        35.0            26.8
28 जून        35.8            28.4
29 जून        39.8            28.0
30 जून        40.6            30.4
1 जुलाई        40.4            31.4

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com