उत्तर भारत में लू का असर कम, दिल्ली में गर्मी से राहत, बिहार-UP में बरसेंगे बादल, जानें देश के मौसम का हाल

उत्तर भारत के मैदानी एवं पर्वतीय इलाकों में लू का असर कम हो गया है। आगामी पांच दिन लू चलने की संभावना नहीं है। बिहार में बारिश की वजह स मौसम खुशनूमा बना हुआ है, वहीं पूर्वी यूपी में भी समय-समय पर बादल बरस रहे हैं। दिल्ली में बीते दो दिनों से हल्की बारिश देखने को मिली।  मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को बताया कि आगामी पांच दिन तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। आईएमडी ने 1-2 जुलाई को लू चलने का अलर्ट जारी किया था। आईएमडी के अनुसार, जैसी संभावना जताई गई थी, उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानों से लू का असर कम हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी यूपी के आसपास के हिस्सों में शुक्रवार को व्यापक रूप से बारिश हुई, जिससे लू की स्थिति से राहत मिली।

उमस करेगा परेशान
बहरहाल, अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ आर्द्रता में बढ़ोतरी होने के कारण अगले पांच दिनों के दौरान मौसम असुविधाजनक बना रहेगा। पिछले दो दिन में दिल्ली समेत कई जगहों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार चला गया था।

दिल्ली में गर्मी से राहत
दिल्ली में शनिवार को दूसरे दिन शाम को हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी।
दिल्ली में शनिवार को लगातार दूसरे दिन शाम को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। जिससे मौसम काफी खुशनुमा हो गया। माना जा रहा है कि रविवार को भी हल्की बारिश हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं। दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से लोगों को चिलचिलाती गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा था और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। 

बिहार के सभी जिलों में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट
सूबे में मानसून की सक्रियता सामान्य बनी हुई है। सूबे के अधिकांश भाग में पिछले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि उत्तरी बिहार में कुछ जगहों पर अतिभारी बारिश दर्ज की गई है। उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों और सांख्यिकीय गणना के आधार पर मौसम विज्ञान केंद्र पटना की ओर से बताया गया है कि अब तक राज्य के उत्तर बिहार की ओर बारिश की स्थिति मजबूत थी। अब राज्य के शेष भाग में भी बारिश और वज्रपात की परिस्थितियां बन रही हैं। इसे देखते हुए अगले 48 घंटे में राज्य के सभी जिलों के लिए बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर बिहार और दक्षिण पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में बारिश और वज्रपात की तीव्रता ज्यादा रहेगी। इसलिए 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इस वजह से जारी हुआ अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बताया गया कि फिलहाल सूबे में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। उत्तरप्रदेश से बिहार होते हुए गंगीय पश्चिम बंगाल होकर असम तक जा रही है। साथ ही एक अन्य ट्रफ रेखा उत्तर पूर्व बिहार से आंतरिक ओडिशा तक जा रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी एवं दक्षिणी पश्चिम भाग में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार के शेष भाग में हल्की से मध्यम वर्षा संभावित है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग की ओर से राज्य के सभी जिलों के लिए वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। चूकि राज्य के दक्षिणी भाग में पिछले कुछ दिनों से तापमान ऊपर चढ़ा है इस वजह से इन इलाकों में इसकी तीव्रता थोड़ी ज्यादा रह सकती है। मौसम की इसी स्थिति को देखते हुए विभाग की ओर से शनिवार की दोपहर पटना, नालंदा, रोहतास, नवादा, गया, जहानाबाद व आसपास के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया। पटना में दोपहर बाद से बादल छाये हुए हैं। कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई है। अगले एक दो दिनों में वज्रपात और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में राज्य के उत्तरी भाग में कुछ जगहों पर भारी बारिश हुई है।

झारखंड में एक बार फिर मानसून मजबूत होने की स्थिति में
झारखंड में एक बार फिर मानसून के मजबूत होने की स्थिति बन रही है। ऐसा राज्य में निचले स्तर पर दक्षिण-पश्चिम दिशा से नमी वाली हवा के बहाव की वजह से हुआ है। यूपी-बिहार से होकर नागालैंड तक बने ईस्ट-वेस्ट टर्फ लाइन से वायुमंडल में नमी बढ़ने लगी है। इस वजह से आने वाले छह जुलाई के बाद से राज्य के सभी इलाके में एक बार फिर से अच्छी बारिश होगी। बारिश का यह क्रम आने वाले समय में और तेज होगा और बड़े क्षेत्रफल में फैलेगा। इससे हर जगह एक समान बारिश होगी। झारखंड में पिछले 24 घंटे के अंदर कई इलाके में अच्छी बारिश हुई।

जानें मौसम विभाग के मुताबिक मौसम का हाल

4 जुलाई 2021 का मौसम: बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय, पूर्वी यूपी और तमिलनाडु में आज भारी बारिश से लेकर हल्की बारिश हो सकती है। 

5 जुलाई 2021 का मौसम: बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, आंध्र प्रदेश, सिक्किम, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक में भारी बारिश से हल्की और मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com