इंदौर में बिना मास्क लगाए सड़क पर घूमने वालों पर सख्ती

Indore News: बिना मास्क पहने ही घूमते पाए लोगों पर शनिवार को नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 Indore News । कोरोना के मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या के बावजूद लोग मान नहीं रहे। ऐसे लोगों के खिलाफ नगर निगम के अमले ने मैदान संभाल लिया है। अमले ने शहर के भीड़-भरे इलाकों में बिना मास्क पहने घूम रहे लोगों के चालान बनाना शुरू कर दिया है। गौरतलब है कि शहर में अब तक कोरोना के 36 हजार से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। नवंबर की शुरुआत से ही मरीजों की संख्या में तेजी देखी जा रही है। लगातार बढ़ते संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम ने बिना मास्क पहने घूमने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाने घोषणा की थी। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में लोगों में मास्क पहनने के प्रति जागरूकता नहीं लौटी। वे बिना मास्क पहने ही घूमते पाए। ऐसे लोगों पर शनिवार को नगर निगम ने चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है।

भीड़-भाड़ भरे राजवाड़ा, जेलरोड आदि इलाकों में बिना मास्क पहने लोगों के चालान बनाए गए। विशेषकर जेलरोड पर कई लोगों को बिना मास्क पहने घूमते पाया गया। कई जगह चालानी कार्रवाई को लेकर बहस की स्थिति भी बनी। लोग चालान की राशि कम करने के लिए गुहार भी लगाते रहे। किसी ने राजनेता से मोबाइल पर बात करानी चाही तो किसी ने दबाव के लिए अन्य तरीका भी अपनाया लेकिन इसका नगर निगम की कार्रवाई पर कोई फर्क नहीं पड़ा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार के निर्देश के बाद ही शहर में सख्त कार्रवाई करने को बाध्य होना पड़ा है, क्योंकि मास्क ही वैक्सीन अभियान का भी लोगों पर कोई असर नहीं पड़ा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com