रिवाल्वर रानी बनकर आई युवती और मंडप से दूल्हे राजा को उठा कर ले गई

लखनऊ :बांदा के गहबरा गांव में सोमवार रात असलहाधारियों के साथ पहुंची प्रेमिका ने शादी के मण्डप से दूल्हे का अपहरण कर लिया। इससे न सिर्फ शादी रुक गई, बल्कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। चर्चा है कि दूल्हा पहले ही अपनी प्रेमिका से कोर्ट मैरिज कर चुका था और उसे धोखा देकर दूसरी शादी कर रहा था। फिल्मी स्टाइल में हुई घटना के बाद पुलिस सक्रिय हुई। दूल्हे की तलाश में पुलिस टीमें दौड़ाई गईं लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।

बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र के मोहनपुरवा निवासी रामहेत यादव के बेटे अशोक यादव की 15 मई को हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गहबरा गांव बारात आई थी। भवानी गांव निवासी रामसजीवन उर्फ लल्लू यादव बेटी की शादी अपने गांव से पांच किलोमीटर दूर गहबरा स्थित श्रीपद्मनाभन महाविद्यालय से कर रहे थे। विवाह स्थल पर  टीके की रस्म पूरी हो चुकी थी। इस बीच विवाह स्थल के पास चौपहिया वाहनों का काफिला आकर रुका। वाहनों में सवार कुछ लोग असलहों से लैस थे। इनके बीच से एक युवती निकली। वह सीधे दूल्हा अशोक के पास पहुंची और उसे खींचते हुए गाड़ी के पास ले गई। असलहाधारियों की मदद से युवती ने दूल्हे को गाड़ी में जबरन बैठा लिया और विवाह स्थल से निकल गई।

लोग देखते रह गए दूल्हा उठ गया 

विवाह स्थल पर घटनाक्रम इतनी तेजी से बदला कि कोई कुछ समझ ही नहीं पाया। दूल्हे के अपहरण की सनसनी के बीच धीरे-धीरे मामला साफ हुआ तो पता चला कि दूल्हे को उठाने वाली युवती बांदा की रहने वाली है। उससे दूल्हे अशोक का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। चर्चा है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी, लेकिन अशोक के परिवारजनों ने बेटे का रिश्ता तय कर दिया था। जब यह बात प्रेमिका को पता चली तो उसने दूल्हे का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया।  सूचना पर यूपी 100 की टीम पहुंची। पुलिस इस प्रकरण की छानबीन करने में जुटी हुई है। फिलहाल दूल्हे का कोई सुराग नहीं मिला है। शादी के मंडप से दूल्हे का अपहरण होने से दुल्हन भारती के सपने बिखर चुके हैं।

दुल्हे के साथ तीन साल से था चक्कर 

मौदहा के भवानी गांव से अपहृत किए गए दूल्हे अशोक का शहर  की एक लड़की से तीन साल पहले से प्रेम संबंध चल रहा था।अशोक एक डाक्टर के यहां कंपाउंडर था। अस्पताल के पड़ोस की एक लड़की को अपने प्यार के जाल में फंसा लिया था। हमीरपुर शादी तय होने के बाद अशोक ने शहर आना बंद कर दिया था। लड़की ने उससे संपर्क साधने की कोशिश की लेकिन अशोक नहीं मिलता था। लड़की को मामले की जानकारी हुई तो वह बारात में पहुंच गई और दूल्हे को अपहृत कर लिया।

दुल्हे के थे तीन बच्चे 

अशोक यादव की आठ साल पहले मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के लौसी गांव में शादी हुई थी। विवाह के बाद पहली पत्नी से अशोक को दो बेटियां दिव्यांशी (6) और शिवांशी (5) हैं। तीन साल पहले अशोक की पहली पत्नी की मौत हो गई। उसके बाद उसने नगर के छोटीबाजार इलाके की रहने वाली युवती को अपने जाल में फंसा लिया। युवती को भी धोखा देकर हमीरपुर शादी करने चला गया। इससे नाराज युवती ने उसको अपहृत कर लिया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com