पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर ने युवती पर चलाई गोली

लखनऊ में गोमतीनगर विस्तार के खरगापुर में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सुरक्षा में तैनात इंस्पेक्टर धर्मेंद्र यादव ने सर्विस पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली दीवार से टकराने के बाद महिला किराएदार के कंधे को छूते हुए निकल गई। वारदात की सूचना पर इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार मौके पर पहुंचे। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ जानलेवा हमला करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। पति-पत्नी के बीच बेटा नहीं होने को लेकर विवाद हुआ था।

खरगापुर निवासी धर्मेंद्र यादव 2018 बैच के इंस्पेक्टर हैं। मौजूदा वक्त में वह पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सुरक्षा में तैनात हैं। धर्मेंद्र की शादी प्रियांका यादव से हुई है। जिनसे उनके तीन बेटियां है। बेटे की चाह रखने वाले धर्मेंद्र का पत्नी से दो साल से विवाद चल रहा है। सोमवार शाम को भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा था। धर्मेंद्र के डर से प्रियंका ने मदद के लिए शोर मचा दिया। उसकी आवाज सुन कर किराएदार अंशिका गुप्ता बीच-बचाव करने पहुंच गई। उसने धर्मेंद्र को समझाने का प्रयास किया। इस पर इंस्पेक्टर आग बबूला हो उठा। उसने सर्विस पिस्टल निकाल ली। इंस्पेक्टर का यह रूप देख कर प्रियंका और अंशिका खौफजदा हो गईं। वह लोग जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। इस बीच धर्मेंद्र ने सर्विस पिस्टल से गोली चला दी।

इंस्पेक्टर गोमतीनगर विस्तार पवन पटेल के मुताबिक इंस्पेक्टर की चलाई गोली दीवार से टकराने के बाद अंशिका के कंधे को छूते हुए निकल गई। पड़ोसियों ने इंस्पेक्टर धर्मेंद्र यादव के घर गोली चलने की सूचना दी थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। इंस्पेक्टर पवन पटेल ने बताया कि धर्मेंद्र की सर्विस पिस्टल जब्त करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com